भरतपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में करौली जिले के गंगापुरसिटी में सफाई कर्मचारी भर्ती-2026 के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र मांगे जाने से नाराज नगरपरिषद के अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।

कर्मचारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी भर्ती-2026 के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र मांगा जा रहा है। नगरपरिषद उन्हें नया प्रमाण-पत्र नहीं दे रही है, और न ही पहले जारी किये गये प्रमाण-पत्रों को मान्य कर रही है। उनके पुराने अनुभव प्रमाण-पत्र नगरपरिषद और स्वायत्त शासन विभाग (डीएलबी) के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। नए प्रमाण-पत्र नहीं मिलने से वे भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।

इस संबंध में कर्मचारियों ने सोमवार को नगरपरिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने पुराने प्रमाण पत्रों को मान्य कर नया प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग की थी, लेकिन मंगलवार को भी ज्ञापन पर कोई कार्रवाई नही हुई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि वे भर्ती से वंचित रहते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी नगरपरिषद प्रशासन की होगी। उन्होंने साफ किया कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित