श्रीगंगानगर , अगस्त 16 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के श्रीगंगानगर जिले के दौरे के दौरान सूरतगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बृजमोहन सहारण ने दोनों नेताओं को पारंपरिक पटका पहनाकर अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान डॉ. सहारण ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को गंगनहर में लगातार पानी की कमी को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में डॉ. सहारण ने बताया कि गंगनहर में पानी की उपलब्धता लगातार घट रही है। पहले जहां इस नहर में 2300 से 2400 क्यूसेक पानी बहता था, पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद से पानी की मात्रा घटकर मात्र 1100 से 1200 क्यूसेक रह गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि तीन से चार सप्ताह बाद किसानों की बारी आती है। इस वर्ष कम पानी उपलब्ध होने और कम वर्षा के कारण किसानों द्वारा फसलों की बुआई नहीं हो पाई है, जिससे क्षेत्र के किसानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस अवसर पर विधायक जयदीप बिहानी, पूर्व मंत्री रामप्रताप कासनिया, पूर्व सांसद शंकर पन्नू, पूर्व विधायक अशोक नागपाल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री से क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित