गाजियाबाद , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 28 मई को एक किशोर को चाकू मारने के मामले पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं मामले में दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त,अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि,28 मई को अपराह्न करीब 3:30 बजे खोड़ा थाना क्षेत्र में एक किशोर के चाकू लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान किशोर की हालत लगातार गंभीर बनी रही। उपचार के क्रम में 29 मई को दिन में करीब 12 बजे किशोर की मृत्यु हो गयी।

मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर खोड़ा थाना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। खोड़ा क्षेत्र में किशोर को चाकू मारने की घटना में तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित