चंडीगढ़/ जालंधर , सितंबर 10 -- पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने संगरूर जिले के दिड़बा क्षेत्र के तूर बंजारा गांव निवासी दिवंगत गुलजार सिंह के कथित जबरन अंतिम संस्कार के मामले में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

श्री खैरा ने गुरुवार को कहा कि गुलजार सिंह के परिवार ने आरोप लगाया है कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उनकी इच्छा के विरुद्ध अंतिम संस्कार कराया गया। परिवार ने घटना के लिए हरपाल सिंह चीमा और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

श्री खैरा ने आरोप लगाया कि परिजनों की सहमति के बिना अंतिम संस्कार कराया जाना सत्ता के दुरुपयोग के साथ-साथ मानव गरिमा और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने श्री चीमा की गिरफ्तारी और मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी के साथ मंत्री, पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तथा घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की।

श्री खैरा ने कहा कि परिवार ने न्याय मिलने तक भोग समारोह नहीं करने का फैसला किया है, जो मौजूदा सरकार के प्रति जनता के विश्वास में कमी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार के साथ खड़ी है और जब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, वह इस मुद्दे को हर मंच पर उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित