अलवर , जून 23 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खैरथल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंधविश्वास, भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को डराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सू्त्रोंं ने मंगलवार को बताया कि पुलिस दलों ने लगातार एक महीने तक आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने 22 जून को हरियाणा के पुन्हाना क्षेत्र के आंधाकी गांव से नूरदीन को दबोचा, जबकि राजेन्द्र शर्मा को खैरथल से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में फरार मुख्य आरोपी मौलवी आबिद और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि राजेन्द्र शर्मा खुद को पूजा-पाठ और तांत्रिक शक्तियों का जानकार बताकर लोगों को झांसा देकर ठगी करता था। उसने पिछले वर्ष एक पीड़ित परिवार को विश्वास में लेकर उससे पूजा पाठ, हवन सामग्री और बकरे की बलिक के नाम पर कुल 32 लाख रुपये ठग लिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित