खैरथल-तिजारा , सितंबर 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य की डबल इंजन सरकार के सकारात्मक प्रयासों से खैरथल-तिजारा आने वाले समय में राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रुप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।

श्री शर्मा सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के विकास के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से निकटता, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ही डबल इंजन सरकार के सकारात्मक प्रयासों से यह क्षेत्र तेजी से उभर रहा है। सरकार यहां के समग्र विकास, सुगम आवागमन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक सुविधाओं के लगातार विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त कर ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय किया है। यही कारण है कि करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जोड़े जा चुके हैं। पिछले ढाई वर्षों में दूध का उत्पादन प्रतिदिन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ ही राज्य सरकार भी किसानों के हित में अतिरिक्त सम्मान निधि उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने कहा कि 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। वहीं, 327 अटल प्रगति पथों के लिए कार्य स्वीकृत किये गये हैं, जिनके लिए 813 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई तथा 282 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक लाने तथा आगे कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

श्री शर्मा नेअलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ को कई सौगातें दी जिनमें मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ ही पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र, खेल मैदान सहित 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसी प्रकार सड़क, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने खैरथल-तिजारा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की जिनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना में नीमराणा बांध का कार्य होगा शुरू, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास कार्य, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण, पीएचईडी के नये अधिशासी अभियंता के पद की घोषणा एवं जेवीवीएनएल के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा शामिल हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र के विकास के लिए जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कार्य किया जा रहा है। भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़ते हुए चहुंमुखी प्रगति सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित