बारां , फरवरी 25 -- राजस्थान में बारां स्थित श्रीराम स्टेडियम के पास खाली भूमि को आवंटित करने की प्रक्रिया को जिला प्रशासन ने रोककर अन्यत्र भूमि को तलाश करना शुरू कर दिया है।

इस भूमि पर पुलिस विभाग का साइबर थाना खोला जाने वाला है।

सूत्रों ने बताया कि भूमि आवंटन प्रक्रिया को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट में दोपहर हुई बैठक में भी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की भावनाओं पर गौर करते हुए स्टेडियम की जगह के स्थान पर अन्य चिह्नित भूमि पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले शहर के श्रीराम स्टेडियम मैदान में खाली भूमि को अन्य विभाग को आवंटित करने की प्रक्रिया की खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को भनक लगते ही विरोध के स्वर मुखरित हो गये थे। इसके बाद प्रशासन ने इस निर्णय पर रोक लगा दी और साइबर थाने के लिये अन्यत्र भूमि की तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने अपने प्रथम बजट में बारां के इसी श्रीराम स्टेडियम के कायाकल्प की घोषणा करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की राशि का बजट जारी किया हुआ है, जिसका कार्य भी आरंभ होने वाला था।

राजस्थान फुटबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने जिला प्रशासन के निर्णय का स्वागत करते हुए पत्रकारों को बताया कि स्टेडियम के लिए यूं ही भूमि कम महसूस की जा रही है। फिर भी जो भूमि बची है उसे भी जिला प्रशासन अन्य विभाग को आंवटित कर रहा था। जो खिलाड़ियों के साथ कुठाराघात होता। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया कि खेल एवं खिलाड़ियों के हित में प्रशासन ने आदेश को तत्काल वापस ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित