चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार हरियाणा को खेल युवा शक्ति और नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल, रचनात्मकता और स्टार्टअप को सशक्त बनाकर बजट 2026-27 को आकार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित बजट-पूर्व परामर्श बैठक में एथलीटों, युवा कंटेंट क्रिएटर, कौशल-आधारित उद्यमियों और स्टार्टअपसे जुड़े युवाओं को संबोधित कर रहे थे। नववर्ष और बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह बैठक हरियाणा के भविष्य को गढ़ने की सामूहिक प्रक्रिया है, जिसमें युवाओं की भूमिका निर्णायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को खेलों का 'पावरहाउस' बनाया है। उन्होंने नीरज चोपड़ा, शेफाली वर्मा, रानी रामपाल और फोगाट बहनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां अनुशासन और कठोर परिश्रम का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्टार्टअप नवाचार, डिजिटल कंटेंट निर्माण शिक्षा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी नयी पहचान बना रहे हैं। डिजिटल कंटेंट समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है और इसे सकारात्मक एवं मूल्य आधारित होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खेल, युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता विभाग के लिए वर्ष 2025-26 के बजट में 1,961.79 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले बजट-पूर्व परामर्श में मिले अनेक सुझावों को बजट में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि मिशन ओलंपिक 2036 खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा बीमा नयी खेल नर्सरियां कौशल केंद्र आधुनिक आईटीआई और करियर परामर्शजैसी योजनाएं युवाओं के सुझावों पर आधारित हैं। पिछले 11 वर्षों में 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों को 683 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा राज्य अनुसंधान कोष की स्थापना की गयी है। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए 'भविष्य विभाग' गठित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने सुझाव सरकार के चैटबॉट के माध्यम से साझा करें। उन्होंने कहा कि यह बजट सरकार का नहीं, बल्कि हरियाणा के नागरिकों का बजट है और इसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित