अजमेर , मार्च 27 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि राज्य सरकार द्वारा खेलों में उभरती प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
श्री देवनानी गुरुवार को पंच गौरव कार्यक्रम के तहत आयोजित अजमेर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतिभाखोज आवासीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने खेल अभ्यास में निरंतर जुटे रहें तथा हार-जीत को सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना से स्वीकार करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अभी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। वे भी निरंतर प्रयास और समर्पण से सफलता प्राप्त कर सकते हैं तथा अपने शहर और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले 100 खिलाड़ियों को कबड्डी खेल किट वितरित की तथा शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित 40 प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 10 हजार रुपये मूल्य की ट्रैक सूट, मैट शूज, दो टी-शर्ट, दो शॉर्ट्स एवं किट बैग प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित