पंचकूला , अगस्त 19 -- हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश की खेल नीति को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उसे खुले मंच पर बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार और मौजूदा सरकार के दौरान खेल और खिलाड़ियों के लिए किए गए काम का रिकॉर्ड जनता के सामने रखकर तुलना की जानी चाहिए।

पंचकूला के ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में आयोजित प्रथम संत गुरु रविदास उत्तर क्षेत्र गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में श्री गौतम ने विपक्ष के उन आरोपों का जवाब दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि पिछली सरकार की खेल नीति अब नहीं रही और इसके चलते प्रदेश के खिलाड़ी हतोत्साहित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, "वे एक खुले मंच पर मुझसे बहस कर लें। उनकी सरकार में कितना हुआ और हमारी सरकार में कितना हुआ, इसकी तुलना हो जाए।" उन्होंने कहा कि वह विपक्ष के आरोपों का तथ्यों और विवरण के साथ जवाब देने को तैयार हैं और यदि विपक्ष इस मुद्दे पर बहस चाहता है तो वह उससे पीछे नहीं हटेंगे।

खेल मंत्री कहा कि प्रदेश में खेलों को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं, विशेषकर महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और प्रतिस्पर्धी खेलों में आगे बढ़ने का मंच देती हैं।

इससे पहले खेल मंत्री ने हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के समापन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने नेट पर वॉलीबॉल खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। एसोसिएशन के महासचिव अमरजीत कुमार के अनुसार हिमाचल प्रदेश की टीम पहले, हरियाणा की कुरुक्षेत्र टीम दूसरे और पंजाब की पटियाला टीम तीसरे स्थान पर रही।

विजेता हिमाचल प्रदेश की टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता कुरुक्षेत्र की टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रही पटियाला की टीम को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित