जींद (हरियाणा) , जुलाई 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहे भारत ने खेलकूद उद्योग और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मिल कर काम करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि देश 2026 के ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की भी तैयारी में है और इसके लिए हमें अभी से 5 वर्ष से 12-15 वर्ष की प्रतिभाओं को इन प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करना होगा।
श्री मोदी ने कहा कि इस तरह के सहयोग से देश की खेल प्रतिभाओं , खास कर हरियाणा जैसे राज्यों के युवाओं को आने वाले समय में लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से भारत में स्पोर्ट्स आर फिटनेस क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर बनेंगे। प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष , मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी , सूचना प्रसारण एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में श्री मोदी ने अपनी हाल की विदेश यात्रा का उल्लेख किया जिसमें वह इंडोनेशिया , आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड गये थे। उन्होंने कहा 'ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में, वहां की सरकारों से, स्पोर्ट्स को लेकर मेरी व्यापक चर्चा हुई है। इन दोनों देशों के साथ मिलकर, आने वाले समय में हम स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, ऐसे अनेक मामलों में बहुत सारा काम साथ मिलकर करने वाले हैं। इससे हरियाणा के युवाओं को भी बहुत लाभ होगा।'प्रधानमंत्री ने कहा, ''आप सभी जानते हैं, अभी मैं कुछ दिन पहले ही, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की यात्रा से लौटा हूं। वहां भारत ने अनेक तरह के समझौते किए, जिनकी बहुत चर्चा हुई है। लेकिन एक विषय ऐसा है, जिस पर उतनी बात नहीं हुई। ये विषय मेरे देश के और विशेषकर हरियाणा के युवाओं से जुड़ा हुआ है, और वो विषय है- खेलकूद, स्पोर्ट्स का।"उन्होंने कहा कि आज भारत में स्पोर्ट्स को फिटनेस और रोजगार का बड़ा माध्यम बनाया जा रहा है। हमारी सरकार ने नई नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी, खेलो भारत नीति भी बनाई है। खेलो इंडिया अभियान से लेकर टॉप्स स्कीम तक, आज खिलाड़ियों को अभूतपूर्व सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें हजारों रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।
यहां हरियाणा में भी, भाजपा सरकार, खेल और खिलाड़ियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित