भोपाल , जनवरी 27 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खेलो एमपी यूथ गेम्स के शुभारंभ कार्यक्रम के चलते आज सोमवार को टीटी नगर स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों में शाम 5 बजे से यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी। कार्यक्रम के दौरान बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस द्वारा आवश्यकता अनुसार मार्गों का डायवर्सन किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार अटल पथ पर सामान्य यातायात पूरी तरह परिवर्तित रहेगा। कमला नेहरू स्कूल से मॉडल स्कूल तक, काटजू अस्पताल से टीटी नगर स्टेडियम की ओर, राजस्थान मिष्ठान भंडार से स्टेडियम की ओर तथा टीटी नगर थाना चौराहे से स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

टीटी नगर स्टेडियम और आसपास के इलाकों में विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। रोशनपुरा चौराहा, अपैक्स बैंक तिराहा, माता मंदिर मार्ग, रंगमहल चौराहा, जवाहर चौक और भारत माता चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहने की संभावना है। इन मार्गों पर लोक परिवहन और अनुमति प्राप्त भारी वाहनों का आवागमन स्थिति के अनुसार बदला जा सकता है।

कोलार क्षेत्र से शहर की ओर आने वाले वाहन माता मंदिर चौराहा, पीएनटी चौराहा, भारत माता चौराहा और स्मार्ट रोड होते हुए पॉलिटेक्निक चौराहे से आवागमन कर सकेंगे। वहीं पुराने शहर से कोलार और नए शहर की ओर जाने वाले वाहन कंट्रोल रूम, जेल रोड और व्यापम चौराहे से लिंक रोड-2 का उपयोग कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित