नयी दिल्ली , मार्च 16 -- सरकार ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि खेलो इंडिया मिशन के तहत देशभर में खेल ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय युवा एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि इस योजना के तहत देशभर में खेल ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि हमारे हर जिले में खेलो इंडिया का सेंटर है जिसके लिए फंड उपलब्ध कराया जाता है। इसके माध्यम से ग्रास रूट स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिह्नित करने में मदद मिली। खेलों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है।
केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि अगर समाजवादी पार्टी खुद सांसद खेल महोत्सव आयोजित करना चाहती है तो इसमें मंत्रालय की जांच की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय जनतात्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा युवाओं से जुड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था और इसके आयोजन में केंद्र सरकार या खेल मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का मकसद युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित