अंबिकापुर , मार्च 28 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के तहत छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन ही देशभर से आए पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन कर खेलप्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में 30 राज्यों के 144 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।आयोजन के चौथे दिन शुरू हुई इस कुश्ती स्पर्धा में पुरुष, महिला और ग्रीको-रोमन वर्ग के कई भारवर्गों में मुकाबले खेले गए। पहले दिन के मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों की तकनीक, ताकत, संतुलन और रणनीति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हर मुकाबले में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम झोंका, जिससे दर्शक दीर्घा में उत्साह का माहौल बना रहा।
पुरुष फ्रीस्टाइल सीनियर 74 किलोग्राम भारवर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन और महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इसी तरह 125 किलोग्राम भारवर्ग में तेलंगाना के बनोथ विनोदकुमार और महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलकार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम मुकाबले में प्रवेश किया।
ग्रीको-रोमन सीनियर 67 किलोग्राम वर्ग में गुजरात के वसावा मुकेशभाई और झारखंड के अंजीतकर मुंडा के बीच खिताबी मुकाबला होगा। वहीं 97 किलोग्राम वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार और जम्मू-कश्मीर के शमा हुन ने जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। 50 किलोग्राम भारवर्ग में झारखंड की पूनम ओरांव और तेलंगाना की के. गीता फाइनल में पहुंचीं। 62 किलोग्राम वर्ग में असम की देबी दैमारी और हिमाचल प्रदेश की प्रियंका चौधरी ने अपने मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक की दौड़ में जगह बनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित