भोपाल , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के पहलवान शिवा भलावी ने 130 किलोग्राम ग्रीको-रोमन कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता के दौरान शिवा भलावी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने दांव-पेच, शारीरिक शक्ति और तकनीकी कौशल का शानदार परिचय दिया। उन्होंने प्रत्येक मुकाबले में प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखते हुए आत्मविश्वास के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन का परिणाम मानी जा रही है। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने धैर्य और संयम बनाए रखते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शिवा भलावी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में किया जा रहा है, जिसमें देशभर के जनजातीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित