रायपुर , मार्च 27 -- देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत कुश्ती स्पर्धा का आयोजन सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के खेल समागम में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

जिला पीआरओ ने शुक्रवार को बताया कि इस आयोजन में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मेजबान छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के कुल 144 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय मंच देने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में 28 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित होने वाली इस कुश्ती स्पर्धा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतियोगिता को प्रतिदिन तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक, दूसरा चरण प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और तीसरा चरण सायं 4 बजे से खेल समाप्ति तक चलेगा। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों को मुकाबलों का बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के सुदूर वनांचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। अंबिकापुर में होने वाले मुकाबले स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे और उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर देंगे।

इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के दर्शक इस प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे। खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सरगुजा क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ खेल जगत में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित