जौनपुर , जुलाई 06 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को जौनपुर में कहा कि प्रदेश के खेल मंत्री के गृह जिले में खेल की सुविधा न होना सरकार की सफलता का जीता जाता प्रमाण है।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रोवर में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता रोहित यादव के पैतृक आवास जौनपुर जिले मछलीशहर में ग्राम अदारी डबिया में पहुंच कर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पदक विजेता रोहित यादव के पिता सभाजीत यादव और माता पुष्पा देवी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह,और पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। पदक विजेता के माता-पिता और परिजनों को सम्मानित करने के बाद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पहचान किसी की मोहताज नहीं होती है, असली प्रतिभा गांव और किसानों के घर से ही निकलता है, अजय राय ने रोहित यादव के पिता सभाजीत यादव को बधाई देते हुए कहा कि रोहित यादव ने जेवलिन थ्रोवर में पदक प्राप्त कर देश स्तर पर जनपद जौनपुर का नाम रौशन किया है।
श्री राय ने कहा कि खेल मंत्री के गृह जनपद जौनपुर में खेल की कोई सुविधा न होना चिंता का विषय है, तथाकथित डबल इंजन वाली सरकार की विफलता का जीता जागता प्रमाण है।सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाओं को उभरने नहीं देना चाहती है। कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एथलेटिक्स चैम्पियन रोहित यादव का उदाहरण देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के नौजवानों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा वर्ग को देश का मान सम्मान बढ़ाने के लिए अपने भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए कड़ी मेहनत करना चाहिए। अजय राय ने रोहित को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कराने का वादा किया।
जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष डा.प्रमोद कुमार सिंह जो एवं शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने भी रोहित यादव के माता-पिता को सम्मानित किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, डा. राकेश मिश्र मंगला गुरु, विनय तिवारी, अरुण शुक्ला, कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय, अमन शुक्ला, आकाश शुक्ला, प्रशांत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित