बैतूल , जून 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सांईखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में लापता 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका के मद्देनजर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार गुणवंत गोविंदराव (40) रविवार सुबह अपने घर से निकलने के बाद लापता हो गये थे। परिजन और ग्रामीण उनकी लगातार तलाश कर रहे थे लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। आज गांव के कुछ लोगों ने घर से लगभग 300 मीटर दूर एक खेत में पेड़ के नीचे उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे, गर्दन और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का अनुमान है कि शव लगभग एक दिन पुराना है। ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां पहले भी तलाश की गई थी लेकिन उस समय शव मौजूद नहीं था। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को किसी अन्य स्थान से लाकर खेत में फेंका गया है।

घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी सुनील लाटा तथा थाना प्रभारी बी.एल. उईके मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आबिद अंसारी के नेतृत्व में एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी श्री उईके ने बताया कि परिस्थितियां संदेहास्पद हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित