नरसिंहपुर , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र में खेत में झोपड़ी बनाकर रहने वाली एक मजदूर महिला की हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार बसेडी गांव के राकई हार क्षेत्र में रिजवान के खेत पर रहने वाली पुष्पेंद्र की पत्नी वंदना (25) का शव गेहूं और गन्ने के खेतों के बीच मेढ़ पर मिला। महिला मजदूरी का काम करती थी और खेत पर बनी झोपड़ी में रह रही थी।

थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने महिला पर सिर और मुंह पर वार कर उसकी हत्या कर दी। मंगलवार रात हुई इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित