भीलवाड़ा , जुलाई 24 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बिजली गिरने से नाना और उनकी सात वर्षीय दोहित्री की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव रायपुर अस्पताल के शवगृह में रखवाये। आज सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोराना ग्राम पंचायत स्थित कलालखेड़ी गांव में (65) धर्मनाथ योगी अपनी सात वर्षीय दोहित्री गायत्री के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बकरियां चराने गए थे। शाम करीब आठ बजे तक जब दोनों घर नहीं लौटे और केवल चार बकरियां ही खुद घर पहुंचीं, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

परिजन जब खेत पर पहुंचे तो वहां सात बकरियां मौजूद थीं और धर्मनाथ योगी एवं मासूम गायत्री मृत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया दोनों की मौत बिजली की चपेट में आने से हुई प्रतीत हुई।

सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि मुकेश सालवी और रायपुर थाना प्रभारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी मौके पर एकत्र हो गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित