सागर , अगस्त 29 -- मध्य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्या के गंभीर प्रकरण में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं डंडा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार फरियादी ऊधम सिंह पिता मानकलाल रैकवार, निवासी पाण्डेर द्वारा थाना गढ़ाकोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि खेत में पानी बहाने की बात को लेकर हुए विवाद में उसके चाचा मंझले उर्फ कन्हई रैकवार एवं भतीजे रमेश रैकवार द्वारा उसके पिता मानकलाल रैकवार के साथ लोहे के पाइप एवं डंडे से मारपीट की गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस दल द्वारा फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार मैदानी एवं तकनीकी स्तर पर प्रयास किए गए। आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित करते हुए उसके संभावित स्थानों की लगातार जांच की गई। पुलिस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रकरण के आरोपी रमेश पिता कन्हई उर्फ मंझले रैकवार, निवासी ग्राम पाण्डेर, थाना गढ़ाकोटा को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं डंडा बरामद किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित