बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पांढरा गांव निवासी 45 वर्षीय अनिल भलावी शुक्रवार दोपहर किसान प्रेमलाल मराठे के खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर रानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार अनिल भलावी लंबे समय से ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित