भरतपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के बाड़ी कंचनपुर थाना क्षेत्र में पुरा सिकरौंदा गांव में बुधवार को एक खेत में चाचा और दो भतीजों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे, जबकि चाचा का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों ने प्रथमदृष्टया मामले को हत्या का बताते मृतकों की पहचान चाचा विष्णु (22) और भतीजों सनी (10) एवं मानव (8) के रूप में की है।
पुलिस ने बताया कि विष्णु मंगलवार सुबह अपनी मां जनक (50) और भतीजों सनी एवं मानव को लेकर मोटर साइकिल से आकपुरा बसेड़ी में बहन के घर माता पूजन में गया था। वापसी में विष्णु की मां बेटी के घर रुक गई जबकि विष्णु दोनों बच्चों को मोटर साइकिल पर लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गया। जब मंगलवार देर रात तक तीनों घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गई। बुधवार सुबह पड़ोस के गांव के युवक ने तीनों के शव घर से एक किलोमीटर दूर सरकारी चरागाह भूमि(खेत) में देखे और पुलिस को सूचना दी।
जिस मोटर साइकिल से तीनों लौटे थे, वह भी घटनास्थल पर मिली। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। बाड़ी विधायक जसवंत सिंह गुर्जर और धौलपुर के पूर्व विधायक बीएल कुशवाह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। पुलिस ने शव बाड़ी अस्पताल के शवगृह में रखवाए दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित