श्रीगंगानगर , सितम्बर 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में हरदासवाली गांव में बुधवार को एक किसान की अपने खेत में कुंआ खोदते समय मिट्टी धंसने सेमौत हो गयी।

थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चंद्रभान चोटिया ने बताया कि मृतक किसान की पहचान रामसिंह मजहबी सिख (40) के रूप में हुई है। रामसिंह के खेत में एक पुराना आधा खुदा कुआं था। रामसिंह और उसके साथ दो-तीन व्यक्ति दोपहर में इसी पुराने कुंए की और खुदाई कर रहे थे कि करीब 20 फुट की खुदाई कर लेने पर अचानक ऊपर से मिट्टी ढह गयी।

उन्होंने बताया कि मिट्टी ढहने से रामसिंह उसके नीचे दब गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण और नजदीकी गांव से लोग भाग कर आये। सभी राहत एवं बचाव कार्य में लग गये। मिट्टी हटाने के लिए जेसीबी को घटनास्थल पर लाया गया। जेसीबी से मिट्टी हटाकर जब तक रामसिंह को बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित