अलवर , जुलाई 12 -- राजस्थान में अलवर जिले की ग्राम पंचायत द्वारापुर में रविवार को खेत में बने कुंड में नहाने गए दो बालकों की डूबने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वारापुर गांव के छह बच्चे रविवार दोपहर को गांव के पास स्थित एक खेत में छोटे कुंड में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नरेंद्र प्रजापत (15) और गोलू बलाई (13) अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को बचाने की कोशिश में वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल थानागाजी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित