मुरैना , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा विकासखंड में एक किसान के खेत में कटी पड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लगने से करीब पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना पोरसा विकासखंड की रुअर पंचायत अंतर्गत ग्राम चतुरसिंह की हवेली पूरा निवासी किसान किशन सिंह तोमर के खेत की है। किसान ने अपनी गेहूं की फसल काटकर खेत में ही रखी थी और थ्रेसर मिलने पर दाने निकालने की तैयारी में थे, तभी अचानक आग लग गई।

सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन खेत तक रास्ता नहीं होने के कारण आग बुझाने में कठिनाई हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने खेत में स्थित दो ट्यूबवेलों से पानी लेकर आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों की फसल को बचा लिया गया।

घटना में एक श्वान और उसके चार बच्चों के जलने से मरने की भी जानकारी सामने आई है। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अंबाह रवि सिंह भदौरिया ने बताया कि फसल नुकसान का आकलन राजस्व विभाग द्वारा सर्वे के बाद किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित