जालौन , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के गोहन क्षेत्र में सोमवार को एक खेत में वयोवद्ध किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि ग्राम पृथ्वीपुरा से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वहां गिरजाशंकर तिवारी (75) का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरजाशंकर तिवारी अपने खेत पर स्थित ट्यूबवेल पर रात में सोने के लिए गए थे। सुबह लगभग 5:30 बजे उनका पुत्र उन्हें देखने के लिए खेत पहुंचा, जहां उसने अपने पिता को मृत अवस्था में पाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की गई।
उन्होने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित