बैतूल , सितंबर 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र के मोरंड ढाना गांव में खेत पर बने मकान में जहरीला पदार्थ खाने से एक अधेड़ महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला घटना के समय मकान में अकेली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोरंड ढाना निवासी सरस्वती पति अयोध्या प्रसाद काजले (50) गुरुवार दोपहर खेत पर बने मकान में अकेली थीं। उनके पति खेत में काम करने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे पति जब वापस लौटे तो सरस्वती बेहोशी की हालत में मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कज देर रात उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार सरस्वती के दो बेटे हैं। उन्होंने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बीजादेही पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों और महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित