बैतूल , अक्टूबर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की मुलताई तहसील के देवरी गांव में शनिवार रात किसान दयाराम देवासे के खेत में बनी झोपड़ी में आग लगने से कृषि उपकरण, सिंचाई पाइप और पानी की मोटर जलकर नष्ट हो गई। घटना में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलने के कारण झोपड़ी में रखा खेती और सिंचाई का सामान इसकी चपेट में आ गया। रात का समय होने से शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी राहुल चंडालिया और दीपक अहिरवार ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से आसपास के खेतों और क्षेत्रों में आग फैलने से बच गई।

आग में कृषि उपकरण और सिंचाई सामग्री नष्ट होने से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित