बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई पुलिस ने किसानों के खेतों से सिंचाई मोटरों की कॉपर केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 किलोग्राम कॉपर केबल वायर और चोरी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल समेत करीब 2.29 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुलताई थाना क्षेत्र के चिखलीकला, सावंगी और तिवरखेड़ गांवों में पिछले दिनों रात के समय किसानों के खेतों से सिंचाई मोटरों की तांबे की केबल काटकर चोरी की घटनाएं हुई थीं। आरोपी रात करीब 12 बजे से सुबह छह बजे के बीच वारदातों को अंजाम देते थे। इन मामलों में मुलताई थाने में अपराध क्रमांक 707/26, 699/26 और 678/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। विवेचना के बाद पुलिस ने नौ आरोपियों को चिह्नित कर 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की कॉपर केबल महाराष्ट्र में कबाड़ियों को बेचते थे। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मोर्शी निवासी कलीम पिता साहेब खान को भी चोरी का कॉपर केबल खरीदने के आरोप में पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। वह फिलहाल जेल में है और उसका प्रोडक्शन वारंट लेकर मुलताई प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में बैतूल जिले के गोरेलाल कारे, सायबू धुर्वे, गोलू उर्फ ओमप्रकाश राऊत, वासुदेव आहाके, बिसराम कवड़े और शेख सलीम उर्फ राजा तथा महाराष्ट्र के तौफिक कलीम खान, नागोराव उर्फ पंडित ठाकरे और फैजान मो. रासिद शामिल हैं।
पुलिस ने 89 हजार 400 रुपये कीमत की 120 किलोग्राम कॉपर केबल, एक लाख 10 हजार रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल और 30 हजार रुपये कीमत की सीडी-100 मोटरसाइकिल बरामद की है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक ने किसानों से खेतों में सिंचाई मोटर और कॉपर केबल की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित