बैतूल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई पुलिस ने खेतों से सिंचाई मोटर और बिजली वायर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग एक लाख 42 हजार रुपए मूल्य का सामान बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम ने मामले का खुलासा किया।
सूत्रों ने बताया कि ग्राम ताईखेड़ा निवासी दिलीप धाकड़ ने खेतों में लगे बिजली वायर और मोटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान अन्य किसानों की संपत्ति चोरी होने की जानकारी भी सामने आई। इस संबंध में मुलताई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने ग्राम ताईखेड़ा निवासी रवि बरोदे (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टार्टर, 5715 फीट बिजली वायर और दो पानी की मोटर बरामद की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित