बैतूल , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई पुलिस ने किसानों के खेतों से भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंस और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है। बरामद मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 14.70 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम करपा, महतपुर और बरई के किसानों के खेतों से लगातार भैंस चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर मुलताई थाने में अपराध क्रमांक 713/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गयी।
पशु चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ और विवेचना के दौरान चार आरोपियों की चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन भैंस बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 2.70 लाख रुपये है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन क्रमांक एमएच 03 सीपी 0972 भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 14.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में सुशील पिता सुनील रघुवंशी (21) और जय गावंडे पिता अविनाश गावंडे (21), दोनों निवासी नावेड, थाना खोलपुर, जिला अमरावती (महाराष्ट्र), तथा अंकित पिता कैलाश रघुवंशी (27) और उमेश पिता रतनसिंह रघुवंशी (43), दोनों निवासी महतपुर, थाना मुलताई, जिला बैतूल शामिल हैं। सभी आरोपियों को 30 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाई एसडीओपी मुलताई एसके सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अधीक्षक ने किसानों और पशुपालकों से पशुओं को रात में सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने, उनकी पहचान संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित