हरिद्वार , सितंबर, 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के मंगलौर में खेतों में ट्यूबवेल संचालित करने के लिए लगाए गए विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी के मामले का मंगलौर पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के उपकरण और तार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। नारसन खुर्द गांव निवासी महिला ने कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके खेत में ट्यूबवेल संचालन के लिए लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज किया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने ने जांच-पड़ताल करके सुराग जुटाए और संबंधित आरोपी के बारे में जानकारी एवं उसके ठिकाने का पता लगाया तथा तकनीकी प्रयासों के आधार पर अजीत पुत्र सुशील और चिल्ली पुत्र ओमी, दोनों निवासी नारसन खुर्द, को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के उपकरण और तार बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित