बैतूल , जुलाई 2 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की आमला पुलिस ने एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार खेती और पैसों के विवाद के चलते पुत्र ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नदी के सूखे हिस्से में छिपा दिया। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक की झूठी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आमला के मार्गदर्शन में थाना आमला पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 25 जून को आमला क्षेत्र की कुड़मुड नदी की सूखी पुलिया के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। जांच के दौरान शव की पहचान ग्राम शंभूढाना बड़ाखारी निवासी लब्बू यादव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटने से दम घुटना पाया गया।

जांच में सामने आया कि मृतक का 19 वर्षीय पुत्र संदीप यादव खेती, खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने तथा पारिवारिक विवादों को लेकर पिता से नाराज था। इसी कारण उसने अपनी मां सुनीता यादव के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक 22-23 जून की दरम्यानी रात रेलवे स्टेशन से लौटते समय संदीप यादव ने गमछे से अपने पिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुड़मुड नदी के सूखे हिस्से में छिपा दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की मां ने घटना के बाद साक्ष्य छिपाने में सहयोग किया और थाना बोरदेही में अपने पति की झूठी गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। जांच में यह भी सामने आया कि वह अपने पुत्र को मृतक के विरुद्ध भड़काती रही थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित