बैतूल , जून 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल कोतवाली पुलिस ने खेड़ी क्षेत्र में किसानों से हुई लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा 5,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 18-19 जून की दरमियानी रात करीब एक बजे फरियादी भीमराव उइके निवासी चीजढाना अपने साथी सूरत के साथ खाद पंजीयन कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेड़ी स्थित वन विभाग बैरियर के पास मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने उन्हें डरा-धमकाकर लगभग 65 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे तथा एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राज एक्सल (23) निवासी जयप्रकाश वार्ड गंज, शिवा वाडिवा (23) निवासी ग्राम किल्लोद तथा शुभम सरनेकर (23) निवासी धनोरा के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक शिव उइके, नानकराम, अजय उइके तथा आरक्षक नितिन चौहान, रोहित और ओंकार की भूमिका सराहनीय रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित