बागेश्वर , अप्रैल 07 -- अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाने जाने वाले उत्तराखंड के कौसानी की चाय को नई पहचान दिलाने और बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े ने निर्देश दिए हैं कि कौसानी चाय को आकर्षक पैकेजिंग के साथ 15 अप्रैल तक बाजार में उतारा जाए।

जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कौसानी चाय के प्रभावी विपणन और ब्रांडिंग पर जोर देते हुए कहा कि रीप (रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट) के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को मजबूत बाजार दिलाना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उत्पाद तैयार करना ही नहीं, बल्कि उसकी बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और सप्लाई चेन विकसित करना भी जरूरी है।

जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक शिल्पी पंत को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता वाली पैक्ड चाय की 15 अप्रैल तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि इसे जल्द बाजार में उतारा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित