टिहरी , अक्टूबर, 26 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल को खुले में शौच मुक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करने के लिए स्वजल विभाग के सहयोग से निजी एवं सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 157 निजी और 12 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। शेष निर्माण कार्य प्रगति पर है।
जनपद में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खुले में शौच की प्रथा को समाप्त करना, ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में 371 निजी शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष 157 शौचालय बन चुके हैं। वहीं, 20 सार्वजनिक शौचालयों के लक्ष्य के सापेक्ष 12 का निर्माण पूरा कर लिया गया है। शेष शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए संबंधित स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को जानकारी देते हुए परियोजना निदेशक स्वजल ज्योति ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शेष निजी एवं सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाएं और पात्र परिवारों को निजी शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करें। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण में भी प्रशासन का सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित