श्रीगंगानगर , मई 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कृषि अनुसंधान केंद्र में स्थापित खुली जेल के बाहर एक व्यक्ति को अवैध रूप से अफीम बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार को देर शाम को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर हंसराज सिंह को गिरफ्तार किया। वह मौसम विभाग रोड पर ओवर ब्रिज के नजदीक कृषि अनुसंधान केंद्र में स्थापित खुलाबंदी शिविर (ओपन जेल) के बाहर एक पेड़ के नीचे ग्राहकों को अफीम बेचने की फिराक में खड़ा था।

पुलिस ने बताया कि तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 193 ग्राम अफीम और बिक्री के 1800 रुपये बरामद हुए। उसके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक (एनडीपीएस) अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित