चंडीगढ़ , मई 13 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोरा ने बुधवार को खुड्डा लाहौरा और खुड्डा अलीशेर गांव में सीवरेज व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र की पार्षद जसविंदर कौर तथा निगम के इंजीनियरिंग इकाई के अधिकारी भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान खुड्डा लाहौरा-खुड्डा अलीशेर रोड पर सीवरेज जाम की समस्याओं की समीक्षा की गयी। साथ ही गांव खुड्डा लाहौरा में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज (एसडब्ल्यूडी) सिस्टम के अपग्रेडेशन से जुड़े कार्यों का भी जायजा लिया गया, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

क्षेत्र में चल रहे पेवर ब्लॉक लगाने के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। श्री अरोड़ा ने अधिकारियों को लंबित जन शिकायतों और तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिये। उन्होंने सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक अपग्रेडेशन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा नियमित फील्ड मॉनिटरिंग और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाये रखने पर जोर दिया। नगर निगम ने शहर में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए निरंतर विकास कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित