जयपुर , मई 13 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बुधवार को यहां कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौत एवं स्वास्थ्य बिगड़ने के प्रकरण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक ली और घटना की तह तक जाने के निर्देश दिए।

श्री खींवसर ने निर्देश दिए कि प्रकरण के हर पहलू की गहन जांच की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि सभी अस्पतालों में उपचार के प्रोटोकॉल एवं एसओपी की शत-प्रतिशत पालना हो।

उन्होंने कोटा दौरे से लौटीं विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ एवं अन्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के साथ प्रकरण के सभी पक्षों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पूरी जांच-पड़ताल कर घटना के कारणों तक पहुंचना अत्यंत जरूरी है। दवाओं की गुणवत्ता, ऑपरेशन थियेटर या उपकरणों से संक्रमण और उपचार में लापरवाही सहित अन्य सभी पहलुओं पर उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए ताकि घटना के निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके और कार्रवाई सहित अन्य जरूरी कदम उठाए जा सकें।

श्री खींवसर ने निर्देश किए दवाओं, उपकरणों सहित अन्य नमूनों की जांच रिपोर्ट जल्द प्राप्त करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में ऐसे सभी अस्पताल जहां रोगीभार अधिक रहता है एवं अधिक प्रसव होते हैं, वहां भी विशेष एहतियात बरतते हुए चिकित्सा प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकरण को लेकर बेहद गंभीर है और हर जरूरी कदम उठा रही है। प्रकरण संज्ञान में आते ही राज्य सरकार ने पूरी गंभीरता एवं तत्परता दिखाते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें कोटा भेजीं। इन टीमों ने प्रसूताओं को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने में पूरा सहयोग किया और मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच भी की। प्रथम दृष्टया इलाज एवं पर्यवेक्षणीय लापरवाही को देखते हुए तीन चिकित्सकों एवं चार नर्सिंगकर्मियों को निलंबित किया गया है। साथ ही, यूटीबी पर कार्यरत एक चिकित्सक को बर्खास्त किया गया। न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा जेके लोन अस्पताल के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अंतिम जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके अनुसार और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्री खींवसर गुरुवार को कोटा जाकर प्रकरण की मौके पर समीक्षा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित