पौड़ी , जुलाई 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर "सेवा, सुशासन एवं समर्पण" अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड खिर्सू सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनसमस्याएं सुनीं, विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में 526 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। आधार पंजीकरण एवं अद्यतन की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध कराई गई।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री और जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लाभार्थियों का रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। राज्यमंत्री ने खिर्सू क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 बालिकाओं को 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का भी अवलोकन किया।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं, समाज कल्याण पेंशन तथा श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर मलबा जमा होने की समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पेयजल योजना का सर्वे कर नया प्रस्ताव तैयार करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, जरूरतमंद मरीजों को "खुशियों की सवारी" के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने तथा मोटर मार्ग से मलबा हटाने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। समाज कल्याण पेंशन से जुड़ी शिकायतों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित