अमृतसर , अप्रैल 07 -- खालसा स्थापना दिवस (बैसाखी) के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा भेजे जाने वाले जत्थे के लिए 1763 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हुआ है। यह जत्था 10 अप्रैल को शिरोमणि कमेटी के कार्यालय से रवाना होगा।

शिरोमणि कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने मंगलवावर को बताया कि शिरोमणि कमेटी द्वारा 1795 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास भेजे गये थे। इनमें से दूतावास ने 1763 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया है। श्री सिंह ने बताया कि यह जत्था 10 अप्रैल को शिरोमणि कमेटी कार्यालय से जयकारों की गूंज के साथ रवाना होगा। श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, हसन अब्दाल में खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के मुख्य समारोह में शामिल होंगे। विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के उपरांत यह जत्था 19 अप्रैल को स्वदेश वापस लौटेगा।

श्री काहलवां ने कहा कि जिन श्रद्धालुओं के वीजा लग चुके हैं, वे अपने पासपोर्ट नौ अप्रैल को कार्यालय समय के दौरान शिरोमणि कमेटी के दफ्तर से प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित