रायपुर , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 20 अक्टूबर को शहर में छह स्थानों पर रावण दहन के आयोजन होंगे। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर खारून नदी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिमाओं का विसर्जन नदी के समीप बनाए गए निर्धारित कुंड में ही करना होगा।
निगम प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति गठित की है। निगम ने दशहरा आयोजनों और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
दशहरा के अवसर पर रावण दहन के प्रमुख आयोजन रावणभाठा और डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में होंगे। इसके अतिरिक्त चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर तथा रामकुंड में स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन किया जाएगा।
नगर निगम ने संबंधित जोन कमिश्नरों को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन और आवागमन के रास्तों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मैदानों को समतल करने और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर निगम के निर्देशानुसार, प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग करके निर्धारित स्थान पर रखना अनिवार्य होगा। विसर्जन कुंड में जमा मलबे, बांस-बल्लियों और अन्य सामग्री को 24 घंटे के भीतर हटाना होगा, ताकि जल प्रदूषण को रोका जा सके।
ध्वनि और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजनों की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों की समिति बनाई है। समिति में अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 के कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 के कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 की कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग एवं जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
समिति विसर्जन स्थलों पर शामियाना, रोशनी, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। नगर निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित