दुर्ग , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले की सीमा से लगे खारुन नदी पुल पर एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर रेलिंग पर चढ़ जाने से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार 20 से ज्यादा यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

आज प्राप्त जानकारी के अनुसार पायल बस रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही थी। खारुन नदी पुल पर पहुंचने के दौरान तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पुल की रेलिंग पर जा चढ़ी। बस का अगला हिस्सा रेलिंग पर अटक गया। गनीमत रही कि बस रेलिंग तोड़कर नदी में नहीं गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस रायपुर की ओर से दुर्ग जा रही थी। खारुन पुल पर पहुंचते ही चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क के किनारे की ओर चली गई और डिवाइडर से टकराकर उसका अगला हिस्सा रेलिंग पर चढ़ गया।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। घटना में बस में सवार सभी 20 से ज्यादा यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

बस के पुल पर फंस जाने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख वाहनों की आवाजाही होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित