रायपुर , अगस्त 30 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महादेव घाट में बहन की अस्थियां विसर्जित करने के दौरान खारुन नदी में डूबे युवक का शव करीब 30 घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने आज बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान युधिष्ठिर सारंग के रूप में हुई है। रक्षाबंधन के दिन युधिष्ठिर अपने परिवार के साथ बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित महादेव घाट पहुंचा था। अस्थि विसर्जन के दौरान वह नदी के भंवर में फंस गया और एनिकट के पास गहरे पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। टीम ने खारुन नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण बचाव दल को तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार की शाम युधिष्ठिर सारंग का शव नदी से बरामद किया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया।

इस हादसे ने परिवार को दोहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार जिस दिन बहन की अस्थियां लेकर उसे अंतिम विदाई देने खारुन नदी पहुंचा था, उसी दौरान उसके भाई युधिष्ठिर की भी नदी में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी में उतरते समय सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित