रायपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र स्थित पठारीडीह गांव में खारुन नदी में जलकुंभी के घने जाल में फंसने से मंगलवार को 20 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने नदी पर बने पुल पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिससे रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा को जोड़ने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खारुन नदी का बड़ा हिस्सा जलकुंभी से ढका हुआ है। बताया गया कि मंगलवार को चराई के दौरान मवेशी जलकुंभी को घास समझकर नदी में उतर गए। नदी में फैली जलकुंभी के घने जाल में फंसने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके, जिससे 20 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पठारीडीह स्थित नदी के पुल पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित