श्रीनगर , मार्च 03 -- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिकी-इजरायली हमलों में मौत के बाद कश्मीर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी रहे और श्रीनगर सहित घाटी के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन भी पाबंदियां लागू रहीं।
कश्मीर में रविवार से ही ईरान के समर्थन में और अमेरिका-इज़रायल के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। पहले दिन प्रदर्शन ज़्यादातर शांतिपूर्ण रहे और अधिकारियों ने रैलियों की इजाज़त दे दी थी, लेकिन सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गयी जब महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों ने पाबंदियों को तोड़कर प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। कई जगहों पर हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें सुरक्षाकर्मियों सहित 10 से ज्यादा लोग घायल हो गये।
श्रीनगर और दूसरे संवेदनशील इलाकों में मंगलवार को सख्त पाबंदियां लगाने के लिए पुलिस और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की भारी तैनाती जारी रही। शहर के मुख्य केन्द्र खासकर लालचौक में भीड़ जमा होने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाकर रास्ते बंद किये गये। सूत्रों ने बताया कि एहतियात के तौर पर कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गयी थीं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर करीब से नज़र रखे हुए हैं ताकि स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सके। जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन ने शांति और संयम की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित