लखनऊ , मार्च 01 -- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अलग-अलग जिलों में हो रहे प्रदर्शन को देखते उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस्राइल के हमले और खाड़ी क्षेत्र में बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह उच्चस्तरीय बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद गृह विभाग की ओर से सभी जिलों को अलर्ट जारी किया गया। लखनऊ समेत कई जिलों में हो रहे प्रदर्शनों पर पुलिस की पैनी नजर रखी जा रही है।

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि शिया बाहुल्य इलाकों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित