जौनपुर , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनई की शहादत की खबर फैलने के बाद रविवार को मुस्लिम समाज के बीच गहरा शोक और आक्रोश देखा गया। विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका व इज़राइल के खिलाफ नारेबाज़ी की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शहर के सदर इमामबारगाह पर धर्मगुरु मौलाना सफदर हुसैन ज़ैदी की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर विरोध जताया और घटना की कड़ी निंदा की। मौलाना ज़ैदी ने कहा कि रहबर की शहादत केवल ईरान का नहीं बल्कि पूरी उम्मत का नुकसान है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से निष्पक्ष जांच की मांग की।

इसी तरह शिया समुदाय के लोग बड़ी संख्या में कल्लू के इमामबाड़ा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। लोगों में गुस्सा स्पष्ट दिखाई दे रहा था और अमेरिका व इज़राइल के खिलाफ नारे लगाए गए।

शिया धर्मगुरु मौलाना मोहम्मद रज़ा ने कहा कि इस घटना ने विश्व स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि समुदाय अमन और इंसाफ की मांग करता है तथा अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित