आगरा , मार्च 01 -- ईरान ने सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनई की मौत की खबर के बाद आगरा में शिया समुदाय के लोगों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित शहीद-ए-सालिस की दरगाह पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने दरगाह परिसर में अमेरिका और इजरायल का पुतला फूंका और घटना के विरोध में नारेबाजी की।

इसके बाद शिया समुदाय के लोग दरगाह परिसर से निकलकर सड़क पर आ गए और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए हल्की खींचतान की स्थिति बन गई।

हालांकि स्थिति शीघ्र ही नियंत्रण में आ गई और कुछ देर बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित